छत्तीसगढ़राज्य

ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा योजनाओं को गति, क्रेडा की उच्च स्तरीय बैठक में तय हुए दिशा-निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास प्राधिकरण (क्रेडा) के सभाकक्ष में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में क्रेडा अध्यक्ष एवं सीईओ ने क्रेडा द्वारा क्रियान्वित की जा रही शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय सीमा में कार्यों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। क्रेडा की योजनाएं सीधे तौर पर ग्रामीणों के विकास से संबंधित योजनाएं हैं। इसके अंतर्गत ग्रामीणों को कृषि हेतु सोलर पम्प के माध्यम से सिंचाई व्यवस्था उपलब्ध कराना, सोलर ड्यूल पम्प के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करना तथा सोलर हाई मास्ट के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराया जाता है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर उपरोक्त योजनाओं के प्रभावी व ससमय क्रियान्वयन हेतु क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी एवं सीईओ राजेश सिंह राणा द्वारा प्रति माह अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर पूर्व माह से वर्तमान माह में आयी प्रगति का आंकलन करते हैं। साथ ही मैदानी स्तर पर योजना के क्रियान्वयन में आ रही कठिनाईयों के निराकरण हेतु आवश्यक मार्गदर्शन अधिकारियों को देते हुए शासन स्तर पर समन्वय के आवश्यक प्रयास क्रेडा के मुखिया द्वारा किया जा रहा है।
बैठक में क्रेडा के समस्त जोनल कार्यालयों के अधिकारी भौतिक रूप से उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्यभर में क्रेडा द्वारा संचालित योजनाओं विशेषतः जल जीवन मिशन, सौर सुजला योजना, सोलर हाई मास्ट, सोलर पावर प्लांट तथा अन्य सौर ऊर्जा आधारित परियोजनाओं की प्रभावशीलता एवं निरंतरता सुनिश्चित करना एवं नवाचार के माध्यम से अधिक से अधिक सौर संयंत्रो की स्थापना सुनिश्चित करने का था।

सौर सुजला योजना फेस-9 हेतु निर्धारित लक्ष्य को शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण करने हेतु गहन मंथन
बैठक में सौर सुजला योजना अंतर्गत जिलावार निर्धारित किये गये लक्ष्य की शीघ्रातिशीघ्र पूर्ति हेतु प्रत्येक जोनल कार्यालय के अधिकारी से पृथक-पृथक चर्चाकर संयंत्र स्थापना में आ रही समस्याओं की जानकारी प्राप्त करते हुए समस्या को दूर करने हेतु प्रधान कार्यालय स्तर से संयंत्र स्थापनाकर्ता इकाईयों आवश्यक निर्देश जारी करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया गया। शेष लक्ष्य को समय सीमा में पूर्ण करने के विशेष निर्देश जारी किये।

जल जीवन मिशन कार्यशीलता की समीक्षा और ठोस निर्देश
जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्थापित सोलर संयंत्रों की ग्राउंड रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। संयंत्रों की वास्तविक स्थिति, कार्यशीलता प्रतिशत, वारंटी की स्थिति, मरम्मत संबंधी प्रक्रियाओं एवं सामग्रियों की उपलब्धता पर बिंदुवार चर्चा की। अधिकारियों से कहा कि “जनता को निर्बाध पेयजल आपूर्ति हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जल जीवन मिशन अंतर्गत स्थापित समस्त संयंत्रों को शत्-प्रतिशत कार्यशील करने के निर्देश सभी जोनल अधिकारियों को दिये गये।

सोलर हाई मास्ट स्थापना के संबंध में निर्देश
प्रदेश में सोलर हाई मास्ट संयंत्रों की स्थापना हेतु जारी कार्यों की समीक्षा की गई एवं सभी कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिये गये। साथ ही पूर्व में स्थापित संयंत्रों के शतप्रतिशत संचालन सुनिश्चित करने हेतु विशेष प्रयास करने हेतु भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

सोलर पावर प्लांट स्थापना के संबंध में निर्देश
योजनांतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यों को शीघ्र पूर्ण करवाने के निर्देश अधिकारियों को दिये गये। साथ ही शासन के विभिन्न विभागों एवं जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर उनकी मांग अनुसार संयंत्रों की स्थापना हेतु आवश्यक सर्वेक्षण उपरांत प्रस्ताव तैयार करते हुए हितग्राही संस्था से बजट की स्वीकृति हेतु विशेष प्रयास करने के निर्देश दिये गये।

क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी ने सभी अधिकारियों को अवगत कराया कि मुख्यमंत्री के विशेष पहल पर सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा राज्य के सभी विभागों एवं कलेक्टरों को निर्देश जारी किये गये है कि प्रदेश में अपरंपरागत ऊर्जा स्त्रोतों पर आधारित संयंत्रों का क्रियान्वयन केवल क्रेडा के माध्यम से कराया जाए। इस संबंध में अधिकारियों को अपने जिले अंतर्गत आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिये गये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button