छत्तीसगढ़राज्य

लाभांडी से सरोना तक सर्विस लेन चौड़ीकरण को मिली मंजूरी, एनएचएआई ने स्वीकृत किए 100 करोड़

रायपुर। रायपुरवासियों और मुंबई-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग-53 का उपयोग करने वाले हजारों वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सरोना से लाभांडी के बीच सर्विस लेन के चौड़ीकरण की परियोजना को मंजूरी दे दी है। लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से 14.25 किलोमीटर लम्बाई में दोनों ओर के सर्विस लेन की चौड़ाई 10-10 मीटर की जाएगी।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने राजधानी रायपुर की इस बहुप्रतीक्षित जरूरत के पूरा होने पर केंद्र सरकार और केन्द्रीय सड़क परिवहन तथा राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गड़करी के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि दोनों ओर के सर्विस रोड का चौड़ीकरण रायपुरवासियों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा। इससे शहर के बीच यातायात सुगम होगा, जाम की समस्या घटेगी और लोगों का समय बचेगा। शहर के भीतरी और बाहरी दोनों मार्गों पर सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात हमारी प्राथमिकता है।

राजधानी रायपुर के बीच से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-53 के दोनों ओर के सर्विस लेन के चौड़ीकरण से लाभांडी, तेलीबांधा, पचपेड़ी नाका, संतोषी नगर, भाठागांव अंतरराज्यीय बस स्टैंड और सरोना जैसे हाइवे से सटे इलाकों में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अभी इस मार्ग पर चौबीसों घंटे भारी वाहनों का दबाव रहता है, जिससे स्थानीय यातायात प्रभावित होता है और अक्सर जाम की स्थिति बनती है। सर्विस लेन की चौड़ाई दोगुनी होने से स्थानीय व्यापारियों को लोडिंग-अनलोडिंग में सहूलियत होगी। साथ ही इस मार्ग से रोजाना आना-जाना करने वाले हजारों वाहन चालकों का समय भी बचेगा।

शहर के बीच क्रियान्वित होने वाली इस परियोजना में सड़क चौड़ीकरण के लिए किसी भी तरह के भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। सड़क के दोनों किनारों पर एनएचएआई के पास पर्याप्त जमीन पहले से उपलब्ध है। निर्माण कार्य को गति देने सबसे पहले छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड द्वारा सर्विस लेन में लगे बिजली के खंभों को शिफ्ट किया जाएगा। बिजली खंभों की शिफ्टिंग की प्रक्रिया पूरी होते ही एनएचएआई द्वारा चौड़ीकरण का सिविल वर्क शुरू कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button