
रायपुर। आधुनिक चिकित्सा तकनीकों के माध्यम से जटिल गैस्ट्रो एवं एनोरेक्टल रोगों के प्रभावी उपचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नारायणा हेल्थ एमएमआई हॉस्पिटल, लालपुर, रायपुर द्वारा 16 से 18 जून 2026 तक विशेष निःशुल्क लेजर जीआई सर्जरी परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें वरिष्ठ लेजर, लेप्रोस्कोपिक एवं रोबोटिक जीआई सर्जन डॉ. राजेश कुमार सिन्हा मरीजों को परामर्श प्रदान करेंगे।
इस शिविर में बवासीर (पाइल्स), फिशर, फिस्टुला (भगंदर), पाइलोनाइडल साइनस, हर्निया तथा पित्ताशय की पथरी जैसी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की जांच एवं परामर्श किया जाएगा। विशेषज्ञों के अनुसार इन बीमारियों के लक्षणों को नजरअंदाज करने से आगे चलकर गंभीर जटिलताएं उत्पन्न हो सकती हैं। समय पर जांच और उचित उपचार से रोगी शीघ्र स्वस्थ जीवन की ओर लौट सकता है।
डॉ. राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि लेजर सर्जरी आधुनिक एवं सुरक्षित तकनीक है, जिसमें पारंपरिक सर्जरी की तुलना में कम दर्द, कम रक्तस्राव तथा संक्रमण का जोखिम कम होता है। इसके अलावा मरीज को अस्पताल में कम समय रुकना पड़ता है और वह सामान्य दिनचर्या में जल्दी लौट सकता है। विशेष रूप से पाइल्स, फिशर और फिस्टुला जैसी समस्याओं में लेजर तकनीक बेहतर परिणाम प्रदान कर रही है और आगे बताया कि आजकल अनियमित खान-पान, फाइबर युक्त भोजन की कमी, शारीरिक गतिविधियों में कमी तथा लंबे समय तक बैठे रहने की आदत के कारण एनोरेक्टल एवं पाचन तंत्र संबंधी रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में समय-समय पर चिकित्सकीय जांच और विशेषज्ञ परामर्श अत्यंत आवश्यक है।


