
प्रधानमंत्री Narendra Modi ने शनिवार को ब्रह्मपुत्र नदी पर बने अत्याधुनिक कुमार भास्कर वर्मा सेतु का लोकार्पण किया। यह भव्य पुल गुवाहाटी को नॉर्थ गुवाहाटी से जोड़ता है और क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई गति प्रदान करेगा।
करीब 2.86 किलोमीटर लंबा यह 6-लेन एक्स्ट्राडोज्ड प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट (पीएससी) पुल लगभग 3,030 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। यह पूर्वोत्तर भारत का पहला एक्स्ट्राडोज्ड पुल है। इसके शुरू होने से गुवाहाटी और उत्तर गुवाहाटी के बीच यात्रा समय घटकर मात्र 7 मिनट रह जाएगा, जिससे यातायात सुगम होगा और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
भूकंपीय सुरक्षा और आधुनिक तकनीक
भूकंपीय रूप से संवेदनशील क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए पुल में बेस आइसोलेशन तकनीक का उपयोग किया गया है। इसमें फ्रिक्शन पेंडुलम बेयरिंग्स लगाए गए हैं, जो भूकंप के दौरान झटकों के प्रभाव को कम करने में सहायक होते हैं।
इसके अलावा, पुल में हाई-परफॉर्मेंस स्टे केबल्स और अत्याधुनिक ब्रिज हेल्थ मॉनिटरिंग सिस्टम (बीएचएमएस) स्थापित किया गया है। यह प्रणाली रियल-टाइम निगरानी के माध्यम से किसी भी संभावित क्षति की शुरुआती पहचान करने में सक्षम है, जिससे पुल की दीर्घकालिक मजबूती और सुरक्षा सुनिश्चित होती है।


