
दूरसंचार विभाग (डीओटी) ने डिजिटल अर्थव्यवस्था में नागरिक सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अपने वित्तीय धोखाधड़ी जोखिम संकेतक (एफआरआई) के माध्यम से 22 मई 2025 को इसके लॉन्च होने के पंद्रह महीनों के भीतर ही 5,000 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध साइबर धोखाधड़ी के नुकसान को रोकने में सहायता की है। इस धन का पता लगाने, उसका लेनदेन रोकने या उसे वापस पाने की कोई आवश्यकता नहीं पड़ी क्योंकि यह धन तो नागरिकों के खाते से निकला ही नहीं।
यह उपलब्धि उस पहल के निर्णायक रूप से विस्तार का प्रतीक है जिसने संचालन के पहले छह महीनों में 660 करोड़ रुपये के नुकसान को रोका था। यह डिजिटल वित्तीय धोखाधड़ी से नागरिकों को बचाने में दूरसंचार विभाग की खुफिया जानकारी की बढ़ती भूमिका और दूरसंचार, बैंकिंग, फिनटेक, प्रतिभूति, बीमा और कानून प्रवर्तन प्रणालियों के बीच समन्वित कार्रवाई की शक्ति को दर्शाता है।
पैसा जो नागरिकों की जेब में ही रहा
5,000 करोड़ रुपये के आंकड़े के पीछे व्यक्तिगत सुरक्षा के लाखों मामले छिपे हैं: एक पेंशनभोगी जिसने फर्जी केवाईसी कॉल के कारण अपनी जीवन भर की बचत नहीं खोई; एक छोटा व्यापारी जिसका “धोखाधड़ी करने वाले आपूर्तिकर्ता” को किया गया भुगतान भेजने से कुछ सेकंड पहले रोक दिया गया; पहली बार डिजिटल उपयोग करने वाला एक व्यक्ति जिसने स्क्रीन पर चेतावनी देखकर भुगतान का काम रोक दिया। हर मामले में नागरिक को नुकसान होने से पहले ही सुरक्षा प्रदान की गई न कि बाद में जांच-पड़ताल की परेशानी में पड़ने दिया गया।
कुल मिलाकर सुरक्षा उपायों की गति में तीव्र वृद्धि हुई है। एफआरआई के उपयोग से कुल मिलाकर हुई बचत अगस्त 2025 में 139.16 करोड़ रुपये थी जो बढ़कर अगस्त 2026 तक 5,043.73 करोड़ रुपये हो गई जिसमें केवल अप्रैल 2026 से शुरू हुए चार महीनों में 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की बचत हुई क्योंकि बैंकों और भुगतान प्लेटफार्मों में इसका उपयोग तेजी से बढ़ा है।
फिर यह डिजिटल भुगतान माध्यम से आगे बढ़कर अंततः बैंकिंग, प्रतिभूति, बीमा या पेंशन खाते को प्रभावित कर सकता है। ऐसे खतरों से निपटने के लिए समन्वित, खुफिया जानकारी पर आधारित “समग्र सरकारी” दृष्टिकोण की आवश्यकता है।
इसी के अनुरूप, दूरसंचार विभाग (डीओटी) ने वित्तीय क्षेत्र के नियामकों और हितधारकों के साथ मिलकर धोखाधड़ी का पता लगाने और उसे रोकने के लिए बनाए गए कार्यप्रवाह में एफआरआई के संकेतों को सीधे शामिल करने पर काम किया है। बैंक और यूपीआई सेवा प्रदाता पहले से ही एफआरआई की खुफिया जानकारी का उपयोग करके उच्च और अत्यंत उच्च जोखिम वाले मोबाइल नंबरों से जुड़े लेन-देन को वास्तविक समय में रोक रहे हैं या चिह्नित कर रहे हैं। भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई), भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई), भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (एसईबीआई) और अन्य वित्तीय क्षेत्र के संस्थानों के साथ विभिन्न एजेंसियों के बीच घनिष्ठ सहयोग इस प्रयास का मुख्य आधार है।


