मध्य प्रदेशराज्य

Mp : प्रदेश में 5 करोड़ से अधिक पेड़ लगाने का लक्ष्य

Mp : प्रदेश में 5 करोड़ से अधिक पेड़ लगाने का लक्ष्य

वर्षाकाल में हरियाली अमावस्या तक प्रदेश में कुल साढ़े 5 करोड़ पौधे रोपित किये जायेंगे। यह बात मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने आज गंगा दशमी के अवसर पर दो दिवसीय शिप्रा तीर्थ परिक्रमा के समापन अवसर पर रामघाट पर आयोजित समारोह में कही।

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि जल संरचनाओं के संरक्षण का संकल्प साकार हो रहा है। हमारा उद्देश्य है कि प्रदेश की नदियां एवं जलाशय और अन्य जल स्त्रोत संरक्षित होकर प्रदूषणमुक्त रहें। प्रदेश में चले जल गंगा संवर्धन अभियान में 5 जून से आज तक 28 करोड़ लागत से शहरी क्षेत्र में 2700 से अधिक एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 26 करोड़ रुपये लागत से 2300 से अधिक संरचनाओं का निर्माण एवं जीर्णोद्धार हुआ है। उज्जैन के शहरी क्षेत्र की जल संरचना का भी सुधार कार्य हुआ है, जिसके बाद वह सुन्दर नजर आयेगी। प्रदेश में 212 नदियों का संरक्षण करने का संकल्प लिया गया है, जिसमें उद्गम से लेकर अन्तिम छोर तक संरक्षण का कार्य किया जायेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जल संरचनाओं के निकट पौधरोपण किया जायेगा। ग्वालियर के लोगों की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां के नागरिकों ने जन-सहभागिता कर जल संरचना का उद्धार किया है। अब इस संरचना में पांच करोड़ लीटर जल संग्रहण होने की संभावना है। इसी तरह सागर के ताल के सम्बन्ध में भी उन्होंने अवगत कराया।

वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि उज्जैन का सिंहस्थ विश्व में अपना स्थान रखता है। सिंहस्थ के लिये 20 हजार करोड़ रुपये लागत से खंडवा, उज्जैन सहित अन्य नगरों में कार्य कराये जायेंगे। देवालयों से हमें आशीर्वाद और जीवन में संस्कार मिलते हैं। संकल्पों की सिद्धि भी देवालयों से प्राप्त होती है और आनन्द की अनुभूति भी होती है। देवालयों के संरक्षण और मरम्मत के कार्य लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि इन्दौर की महारानी माता अहिल्या ने पूरे देश में देवालयों का निर्माण कराया। एक महिला शासिका होकर उन्होंने मन्दिर बनवाये। इसी तरह उन्होंने गोंडवाना राज्य की रानी दुर्गावती की वीरता के किस्से भी सुनाये। इस मौके पर उन्होंने बताया कि प्रदेश में पीएमश्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा की शुरूआत हुई है। आयुष्मान कार्डधारी एवं जिसकी उम्र 70 वर्ष से अधिक है, को भी हवाई एम्बुलेंस की सेवा नि:शुल्क देने की योजना से मुख्यमंत्री ने अवगत कराया। हवाई एम्बुलेंस की सेवा सभी के लिये रहेगी। आयुष्मान कार्डधारी के अलावा अन्य इस सेवा का उपयोग शुल्क का भुगतान कर सकते हैं।

इस अवसर पर प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री विजयवर्गीय ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ यादव ने गंगा दशहरा पर्व को भव्य, पावन और अलौकिक रूप प्रदान किया हैं। रामघाट पर चारों ओर एक नई आभा नजर आ रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ यादव के नेतृत्व में प्रदेश में जल संरचनाओं के संरक्षण का अद्भुत कार्य किया गया। हमारे पुरातात्विक और ऐतिहासिक धरोहर सहजने और संवारने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पर्यावरण दिवस पर सभी से आव्हान किया कि अपनी मां के नाम एक पौधा अवश्य लगायें। इस प्रकार पूरे देश में 140 करोड़ पौधे लगेंगे। इंदौर ने भी वृहद स्तर पर 51 लाख से अधिक पौधरोपण करने के लक्ष्य निर्धारित किया हैं। उज्जैन भी व्यापक स्तर पर पौधरोपण कर अपने क्षेत्र को हरियाली से आच्छादित करने की योजना बनायें, ताकि आने वाले सिंहस्थ में श्रद्धालु लगाये गये पेड़ों की छाया में बैठ सकेंगे। उन्होंने प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में कार्य करने के लिये साधुवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button