देश

आगरा में पारा 46.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा, लू का खतरा बढ़ा

आगरा में पारा 46.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा, लू का खतरा बढ़ा

आगरा का अधिकतम पारा शुक्रवार को 46.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। तेज धूप और गर्म हवा से लू लगने या हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर पूर्वाह्न 11 से शाम 4 बजे तक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।

आगरा प्रदेश में सबसे गर्म रहा। शुक्रवार को लू शाम 5 बजे के बाद तक कहर बरपाती रही। गर्मी के चलते कूलर और एसी फेल रहे। दिन में सड़कों पर सन्नाटा सा रहा। वहीं शनिवार सुबह की शुरुआत भी भीषण गर्मी के साथ हुई। तपिश की वजह से लोग घरों में कैद दिखाई दिए। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक लू का अलर्ट जारी किया है। जरूरी काम न होने पर घर में ही रहने की सलाह दी गई है।

मौसम का मिजाज सप्ताह की शुरुआत से ही बिगड़ने लगा था। 40 डिग्री सेल्सियस से सप्ताह की शुरुआत हुई और तापमान हर दिन डेढ़ से दो डिग्री बढ़ता रहा। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रहा तो शुक्रवार को सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ 46.9 डिग्री सेल्सियस के अधिकतम स्तर पर पहुंच गया। सुबह 10 बजे से ही लू चलना शुरू हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button