होटल अमलतास का संचालन सिर्फ महिलाओं द्वारा किया जाना मध्यप्रदेश का गौरव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि होटल अमलतास का संचालन सिर्फ महिलाओं द्वारा किया जाना मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है। यह प्रयास महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में हमारे संकल्प को प्रदर्शित करता है। इस पहल से अन्य राज्य भी प्रेरणा लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव पचमढ़ी में महिलाओं द्वारा संचालित पहली होटल “एमपीटी अमलतास” के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि हमारे देश की संस्कृति महिला प्रधान संस्कृति है। हमारे नक्षत्र मंडल और सौर मंडल में भी माता को प्रधानता दी गई हैं। सभी ग्रह पुरुष प्रधान है लेकिन वसुंधरा यानि धरती माता प्रधान है। हम धरती को मां मानकर प्रणाम करते है और आशीर्वाद लेते है। वैसे ही समाज में भी परिवार की धूरी हमारी माता और बहने है। विश्व में 200 से अधिक देश हैं, लेकिन भारत को मां का स्थान दिया गया है। भारत माता बोलते ही जय का उद्घोष स्वतः ही आ जाता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी मातृ संस्कृति और परंपरा देवी और देवताओं के स्मरण करने में भी झलकती है। माता के बिना किसी भी देवता को याद करना अधूरा माना जाता है जैसे सीता राम, राधा कृष्ण। माता का नाम पहले और देवता का नाम बाद में पुकारा जाता है।
सिक्योरिटी गार्ड माला चौधरी ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार माना
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सतपुड़ा की गोद में महिला शक्ति को समर्पित इस अनूठे प्रयास के लिए प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर होटल अमलतास के संचालन का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने होटल अमलतास में संचालन के लिए कार्यरत सभी महिलाओं से परिचय प्राप्त कर सम्मान स्वरूप उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। सिक्योरिटी गार्ड माला चौधरी ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का महिलाओं को प्रशिक्षण और रोजगार देने की पहल करने पर महिलाओं की ओर से आभार व्यक्त किया।
पचमढ़ी में हिमालय और स्विटरलैण्ड जैसा खुशनुमा वातावरण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सतपुड़ा की पहाड़ियों में बसे हमारे पचमढ़ी में हिमालय और स्विटजरलैण्ड के समान खुशनुमा वातावरण है। पचमढ़ी आकर मन आनंद से भर जाता है। मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष के रूप में पूर्व के कार्यकाल और वर्तमान अनुभव सांझा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी के प्रयासों से मध्यप्रदेश में पर्यटकों की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है। इस वर्ष लगभग 11 करोड़ पर्यटक प्रदेश में आए है। मध्यप्रदेश पर्यटन के सभी आयाम धार्मिक पर्यटन, ऐतिहासिक धरोहर आधारित पर्यटन, वन्य जीव पर्यटन आदि को अपने में समेटे हुए है। इसलिए देश के साथ साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक मध्यप्रदेश की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के वन्य जीव संपदा में वृद्धि करने और चीता के पुनर्स्थापन के लिए मध्यप्रदेश को चुनने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि गुरुवार को ही कूनो में दो चीतों को जंगल में स्वतंत्र विचरण के लिये छोड़ा गया है। यह चीते नहीं है यह हमारा संकल्प और हमारी हिम्मत है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान ने मध्यप्रदेश की धरती को सभी प्रकार का यश प्रदान किया हैं। प्रदेश की धरती सभी संपदाओं से परिपूर्ण हैं। वन संपदा, भूगर्भ संपदा और सबसे बढ़कर मानव संपदा में मध्यप्रदेश परिपूर्ण राज्य है। मानव संपदा ने हर क्षेत्र में प्रदेश का नाम ऊंचा किया है।