
गुंडरदेही ब्लॉक के ग्राम ओटेबंद सहित आसपास के क्षेत्रों में ऑटो से रैकी कर सुनसान मकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले अंतरजिला गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार शाम को रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अब्दुल वहिद उर्फ तलवार (43) निवासी गुरुघासीदास नगर जामुल, लिलेश टण्डन (30), प्रेम शंकर साहू (24) और सत्यम उर्फ पीयूष कुमार नंदी (25) निवासी शारदा पारा भिलाई शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने करीब 3 लाख रुपए कीमत के सोने के लॉकेट, चेन, झुमका सहित अन्य जेवरात और एक चांदी का सिक्का बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल कटर, एक तीन पहिया ऑटो और चोरी की तीन बाइक भी जब्त की गई हैं।
एसडीओपी राजेश बागड़े और गुंडरदेही थाना प्रभारी नवीन बोरकर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने त्रिनयन एप के माध्यम से गुंडरदेही, ओटेबंद, अण्डा, दुर्ग और भिलाई क्षेत्र में लगे 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान एक संदिग्ध ऑटो में कुछ लोग घटना के समय मौजूद दिखाई दिए।
तकनीकी टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए और भिलाई के आसपास कई दिनों तक कैंप कर संदिग्ध ऑटो की पहचान की। जांच में ऑटो का नंबर फर्जी पाया गया, जिसके बाद आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 331(4) और 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


