टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में भारत-इंग्लैंड की भिड़ंत, तीसरे चैप्टर में कौन मारेगा बाजी?

टी20 वर्ल्ड कप में भारत और इंग्लैंड की टक्कर अब सिर्फ एक सेमीफाइनल मुकाबला नहीं रह गई है। यह इस कहानी का तीसरा चैप्टर है। 2022 और 2024 के बाद दोनों टीमें एक बार फिर आमने-सामने हैं। यह मुकाबला जहां एक टीम के लिए सुनहरे दौर की शुरुआत कर सकता है, वहीं दूसरी टीम के लिए कई बड़े सवाल खड़े कर सकता है।
डिफेंडिंग चैंपियन भारत इस बार अपने घर में खेल रहा है और टीम का लक्ष्य साफ है—तीसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतकर इतिहास रचना। भारतीय टीम टूर्नामेंट में मजबूत दावेदार मानी जा रही है।
हालांकि सुपर-8 में साउथ अफ्रीका से अहमदाबाद में मिली करारी हार ने टीम इंडिया को झकझोर दिया था। इसके बाद कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए करो या मरो मुकाबले में जीत हासिल कर भारत ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की।
दूसरी ओर इंग्लैंड की टीम ग्रुप स्टेज में नेपाल और इटली के खिलाफ फिसलते-फिसलते बची थी, लेकिन इसके बावजूद टीम लगातार पांचवें टूर्नामेंट में अंतिम चार में जगह बनाने में सफल रही है।

