
जांजगीर-चांपा। जिले में एक ओर जहां लूट की झूठी कहानी का पुलिस ने खुलासा किया, वहीं दूसरी ओर सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात सामने आई है।
कोतवाली थाना क्षेत्र में कृष्णा हुंडई में काम करने वाले सेल्समैन प्रयांश देवांगन ने पुलिस में 4.50 लाख रुपए की लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। मामला सामने आते ही पुलिस सक्रिय हुई, लेकिन पूछताछ के दौरान युवक बार-बार बयान बदलने लगा। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने कबूल किया कि लूट की कहानी झूठी थी और उसने पैसे खुद खर्च कर दिए थे। टीआई मोतीलाल पटेल के अनुसार आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया गया है।
वहीं बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र में अटल आवास निरतु में चोरी की घटना हुई। पीड़ित मोहम्मद आजाद अपने परिवार के साथ 26 मार्च को शादी में चिरमिरी गए थे। 3 अप्रैल को लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अलमारी का लॉकर खुला हुआ था।
चोरों ने 30 हजार रुपये नगद, सोने-चांदी के जेवर समेत करीब 65 हजार रुपये का सामान पार कर दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


