छत्तीसगढ़राज्य

विकसित भारत रन-2025 का आयोजन 91 देशों के 150 स्थानों पर होगा

दिल्ली। युवा मामले और खेल मंत्रालय, विदेश मंत्रालय के सहयोग से, सेवा पखवाड़ा (17 सितंबर – 2 अक्टूबर) के हिस्से के रूप में 91 देशों में 150 से अधिक स्थानों पर विकसित भारत रन-2025 का आयोजन कर रहा है। राष्ट्र निर्माण हेतु सामूहिक प्रयास को प्रेरित करने हेतु यह अनूठी वैश्विक पहल पहली बार शुरू की जा रही है।

“रन टू सर्व द नेशन” टैगलाइन के साथ, विकसित भारत रन, विश्वभर के प्रतिष्ठित और सुगम स्थानों पर 3 से 5 किलोमीटर की सामुदायिक दौड़ के रूप में आयोजित किया जा रहा है। अधिकांश दौड़ें 28 सितंबर, 2025 को आयोजित होंगी।

इस दौड़ में मैक्सिको सिटी के एंजेल ऑफ इंडिपेंडेंस, सूरीनाम के पारामारिबो में यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल, सैन फ्रांसिस्को में गोल्डन गेट ब्रिज और विश्वभर के कई अन्य प्रतिष्ठित स्थानों और प्रसिद्ध स्मारकों को शामिल किया जाएगा।

इसका उद्देश्य विदेशों में रहने वाले भारतीयों, स्थानीय समुदायों, छात्रों, पेशेवरों और भारत के मित्रों को एक साथ लाना है, ताकि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के दृष्टिकोण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की पुष्टि हो सके।

इस आयोजन के हिस्से के रूप में, प्रतिभागी:

भारत की विकास यात्रा के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए, विकसित और आत्मनिर्भर भारत की प्रतिज्ञा लेंगे।
पर्यावरणीय स्थिरता के साथ व्यक्तिगत जिम्मेदारी को जोड़ते हुए, “एक पेड़ मां के नाम” वृक्षारोपण अभियान में शामिल होंगे।
माई भारत पोर्टल से जुड़ेंगे, जो स्वयंसेवा, अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम और युवा-केंद्रित पहलों में अवसर प्रदान करेगा।
भारतीय प्रवासियों, भारतीय मूल के व्यक्तियों और स्थानीय लोगों के साथ जुड़ने और नेटवर्क बनाने का अवसर मिलेगा, जो युवाओं को संगठित करने के लिए एक मंच के रूप में भी काम करेगा, जिसमें भारतीय मिशन सामुदायिक समूहों, सांस्कृतिक निकायों और स्थानीय संगठनों के साथ सहयोग करेंगे।
स्थानीय नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों से मिलेंगे, जिन्हें भारत की विकास गाथा और विकासात्मक उपलब्धियों पर प्रकाश डालने वाले कार्यक्रमों का उद्घाटन करने और उनमें भाग लेने के लिए मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा।
दौड़ के बाद, मिशन गतिविधियों की तस्वीरें और वीडियो माई भारत पोर्टल पर अपलोड करेंगे, जिससे इस वैश्विक अभियान का एक साझा रिकॉर्ड तैयार होगा।

विकसित भारत रन-2025 भारत की सबसे बड़ी वैश्विक आउटरीच पहलों में से एक बनकर उभरेगा। यह न केवल एक फिटनेस और सामुदायिक गतिविधि है, बल्कि भारत के सेवा भाव, स्थिरता और समावेशिता के मूल्यों का एक वैश्विक उत्सव भी है। इसका उद्देश्य भारत और उसके प्रवासी समुदायों के बीच संबंधों को मज़बूत करना, युवाओं को सेवा-उन्मुख पहलों के लिए प्रेरित करना और विश्व के सामने भारत की विकास गाथा को उजागर करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button