
दिल्ली। साइबर ठगी से जुड़े म्यूल बैंक खातों पर सीबीआई ने प्रहार किया है। सीबीआई इन खातों से जुड़े पांच राज्यों में फैले 42 ठिकानों पर छापा मारा और नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीबीआई के अनुसार पूरे देश में फैले बैंक के 700 ब्रांच में 8.5 लाख म्यूल खाते हैं, जिनका उपयोग साइबर अपराधी करते हैं। म्यूल खातों के खिलाफ सीबीआई ने ऑपरेशन चक्र-पांच नाम से अभियान शुरू किया है।
सीबीआई की प्रवक्ता बीना यादव के अनुसार, म्यूल खातों खोलने और संचालन की साजिश में बैंक से जुड़े कई अधिकारियों, एजेंटों और बिचौलियों की भूमिका देखते हुए सीबीआई ने सबसे पहले इसकी प्रारंभिक जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के दौरान ही पूरे देश में फैले बैंकों के 700 ब्रांचों में 8.5 लाख म्यूल खातों का पता लगाया गया। इसके बाद इस मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।
सीबीआई का उद्देश्य म्यूल खातों के इस्तेमाल की साजिश में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें सजा दिलाना है ताकि साइबर ठगी के मामले में बैंकिंग चैनल के इस्तेमाल को प्रतिबंधित किया जा सके। इन 8.5 लाख म्यूल खातों का इस्तेमाल कर कुल कितने करोड़ रुपये की साइबर ठगी की गई, सीबीआई इसका आकलन कर रही है।