छत्तीसगढ़राज्य

रायपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 1.25 लाख रुपए की कॉस्मेटिक क्रीम जब्त

रायपुर। नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक अग्रवाल के निर्देशानुसार रायपुर जिले में कॉस्मेटिक उत्पादों के अवैध भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने आज गोल बाजार स्थित बंजारी मार्केट के ओम ब्यूटी सेंटर में औचक निरीक्षण कर लगभग 1 लाख 25 हजार रुपए मूल्य की कॉस्मेटिक क्रीम जब्त की है।

RO. No. - 14175/47

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान से 218 नग गोरी क्रीम एवं 18 नग चांदनी क्रीम बरामद की गईं। इन उत्पादों की पैकेजिंग पर पाकिस्तान में निर्मित होना अंकित पाया गया। विभागीय टीम ने मौके पर ही सभी 236 नग क्रीम जब्त कर जांच के लिए नमूने संग्रहित किए हैं।

कार्रवाई के दौरान गोल बाजार स्थित अन्य कॉस्मेटिक प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया, जहां इस प्रकार की क्रीम नहीं पाई गईं। ओम ब्यूटी सेंटर से प्राप्त जानकारी एवं निशानदेही के आधार पर रायपुर के अन्य क्षेत्रों में भी इन उत्पादों की उपलब्धता और बिक्री की जांच के लिए छापामार कार्रवाई की जा रही है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा आम नागरिकों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कॉस्मेटिक उत्पादों के अवैध भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभाग ने व्यापारियों से केवल वैध स्रोतों से प्राप्त एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप उत्पादों का विक्रय करने तथा नागरिकों से किसी भी कॉस्मेटिक उत्पाद के उपयोग से पहले उसकी गुणवत्ता, निर्माण एवं आयात संबंधी जानकारी की जांच करने की अपील की है।

उक्त कार्रवाई औषधि नियंत्रण अधिकारी नीरज साहू, ईश्वरी नारायण सिंह, टेकचंद धीरहे, सुरेश कुमार साहू एवं लक्ष्मी कौशिक द्वारा की गई। विभाग द्वारा प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button