छत्तीसगढ़राज्य

रायपुर के पटवारियों पर जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई, 7 पटवारी निलंबित, 229 पटवारियों को नोटिस

रायपुर। रायपुर जिले में कार्य पर वापस नहीं लौटने वाले पटवारियों के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। जिले के विभिन्न अनुविभागों एवं तहसीलों में अब तक 7 पटवारियों को निलंबित किया गया है, वहीं 226 पटवारियों को कार्य पर वापस लौटने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।

जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायपुर तहसील में एक पटवारी को निलंबित किया गया है, जबकि 51 पटवारियों को कार्य पर वापस लौटने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। इसी प्रकार धरसींवा तहसील में 30 पटवारियों को नोटिस जारी किए गए हैं।

तिल्दा अनुविभाग में एक पटवारी को निलंबित किया गया है तथा 48 पटवारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं आरंग अनुविभाग में 2 पटवारियों को निलंबित करने के साथ ही 57 पटवारियों को नोटिस जारी किए गए हैं।

अभनपुर अनुविभाग में भी जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई करते हुए 3 पटवारियों को निलंबित किया गया है। इनमें तहसील गोबरा नवापारा का एक तथा अभनपुर तहसील के दो पटवारी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त गोबरा नवापारा तहसील में 19 और अभनपुर तहसील में 24 पटवारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। इस प्रकार अभनपुर अनुविभाग में कुल 43 पटवारियों को नोटिस जारी किए गए हैं।

जिला प्रशासन द्वारा राजस्व संबंधी कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने तथा आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पटवारियों को कार्य पर वापस लौटकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button