खेलछत्तीसगढ़राज्य

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के 7वें मैच में मैनपाट टाइटन्स ने राजधानी रॉयल्स को 5-2 से हराया

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सातवें मुकाबले में आज प्रदीप मोर की मैनपाट टाइटन्स ने राजधानी रॉयल्स को 5-2 से करारी शिकस्त दी। लीग के मैचों के बढ़ते रोमांच के बीच केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव, सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, पूर्व मंत्री श्री महेश गागड़ा और पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी नीता डूमरे भी आज मैच देखने पहुंचे। उन्होंने मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। उप मुख्यमंत्री साव तमाम व्यस्तताओं के बावजूद आज लगातार तीसरे दिन मैच देखने हॉकी स्टेडियम पहुंचे।

आज के मैच में हार के साथ ही राजधानी रॉयल्स के सेमीफाइनल में पहुंचने का रास्ता लगभग बंद हो गया है। मैच के पहले क्वार्टर में ज्यादातर समय खेल काफी सुस्त रहा। दोनों टीमें मिडफील्ड में ही गेंद को घुमाती रहीं और बहुत कम बार ही विपक्षी सर्कल के अंदर पहुंच पाईं। क्वार्टर के अंत में मैनपाट टाइटन्स ने तेजी दिखाते हुए सर्कल के अंदर एक मौका बनाया, जिस पर मनीष वट्टी ने गोल करके टीम को बढ़त दिलाई।

इसके जवाब में राजधानी रॉयल्स ने भी वापसी की कोशिश की। रोशन ने सर्कल के बाहर से अनिकेत को गेंद पास की, जिस पर अनिकेत ने गोल करके स्कोर बराबर कर दिया। इसके लगभग 30 सेकंड बाद ही रोशन ने टाइटन्स के गोलकीपर अल्फ़ाज़ खान को छकाते हुए गोल कर दिया, जिसे रेफरी ने अमान्य करार दिया। मैनपाट के संदीप ठाकुर को मिडफील्ड से एक बेहतरीन पास मिला, जिस पर उन्होंने गोल करके हाफ-टाइम तक टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। इसके बाद ललित ने शानदार खेल दिखाते हुए काफी दूर से गेंद को उछालकर (स्कूप करके) रोशन के पास पहुंचाया, जिसे रोशन ने गोल में बदल दिया। इसे शायद इस टूर्नामेंट का ‘सर्वश्रेष्ठ गोल’ कहा जा सकता है। इसी क्वार्टर में मोहित नायक ने रिवर्स फ्लिक के जरिए गोल करके मैनपाट की बढ़त को और मजबूत कर दिया।

इसके बाद राजधानी रॉयल्स की ओर से कुछ कमजोर खेल देखने को मिला, जिसका फायदा उठाते हुए प्रिंस ने गोल किया और मैनपाट टाइटन्स की बढ़त 4-2 हो गई। रॉयल्स के लिए यह मैच यहीं खत्म हो गया, क्योंकि वे कोई खास हमला नहीं कर पाए। रॉयल्स के लिए सबसे बड़ी समस्या यह रही कि वे पेनल्टी कॉर्नर को गोल में नहीं बदल सके। इसके जरिए वे कोई गोल नहीं कर पाए। मैच खत्म होने के बाद मोहित नायक को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

26 अक्टूबर को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स का सामना बैलाडीला बुल्स से होगा, जबकि चक्रधर चैंपियंस का मुकाबला मैनपाट टाइटन्स से होगा।

*बैलाडीला बुल्स पर 4-1 की जीत के साथ न्यायधानी नाइट्स सेमीफाइनल के और करीब* 

बैलाडीला बुल्स के खिलाफ 4-1 की शानदार जीत के साथ न्यायधानी नाइट्स ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सेमीफाइनल में अपनी जगह जगह पक्की कर ली है।

न्यायधानी नाइट्स ने अब तक खेले गए अपने तीनों मैच जीते हैं और वे पॉइंट्स टेबल में सबसे ऊपर पहुंच गए हैं। दूसरी ओर बैलाडीला बुल्स अभी भी पॉइंट्स टेबल के निचले हिस्से में हैं। टीम ने अब तक कोई जीत हासिल नहीं की है। इस मैच के स्टार ड्रैग-फ्लिकर चिराग रहे, जिन्होंने हैट्रिक लगाई। वहीं, विपक्षी टीम का इकलौता गोल जसकरण सिंह ने किया। शानदार प्रदर्शन के लिए चिराग को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button