मुख्यमंत्री अब किसी भी जिले में आकस्मिक रूप से पहुंचकर जन विश्वास अभियान में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान जन समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए प्रारंभ किया गया अभियान है। सरकार की प्राथमिकता वाले इस अभियान में सभी अधिकारियों को फील्ड में जाना ही है। सभी अधिकारी इस दिन फील्ड में रहकर अधिकतम जनसमस्याओं को मौके पर ही निराकृत करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अब वे बिना कोई सूचना दिए आकस्मिक रूप से किसी भी जिले में उतरकर वहां जन विश्वास अभियान में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जिन जिलों में जनसमस्याओं की लंबित स्थिति बनी हुई है, वे कलेक्टर्स विशेष प्रयास कर लंबित प्रकरणों को न्यूनतम स्थिति में लेकर आएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग से कलेक्टर्स-कमिश्नर्स, एसपी-आईजी की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जन विश्वास अभियान अंतर्गत सीएम हेल्प लाईन में सर्वाधिक लंबित शिकायतों वाले विभागों क्रमश: राजस्व विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, पीएचई के वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल विभागीय स्थिति सुधारने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में ऐसा देखा जा रहा है कि कुछ कलेक्टर इसमें पूरी गंभीरता से कार्य नहीं कर रहे हैं। यह बेहद आपत्तिजनक है। कलेक्टर्स मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में अपने प्रदर्शन में तत्काल सुधार लाएं। फील्ड में जाकर जनसमस्याओं का निराकरण करें।
स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन योजना में अब तक 1.60 लाख रजिस्ट्रियां हुईं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026 योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को स्वामित्व से सम्मान, नि:शुल्क रजिस्ट्री के महा अभियान की भी समीक्षा की। बताया गया कि इस योजना के अंतर्गत 21 अक्टूबर 2026 की स्थिति में कुल 49 लाख 48 हजार 980 प्लाट्स की नि:शुल्क रजिस्ट्री के लक्ष्य के विरूद्ध अब तक 1 लाख 60 हजार 230 नि:शुल्क रजिस्ट्रियां की जा चुकी है।


