मध्य प्रदेशराज्य

ग्वालियर में श्रद्धालुओं को बेकाबू ट्रक ने कुचला, 15 की मौत

दिल्ली। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक तेज रफ्तार ट्रक ने 45 श्रद्धालुओं को कुचल दिया है। इनमें से 15 लोगों की मौत हो गई और 30 से ज्यादा लोग घायल हैं। घायलों में 2 पुलिसकर्मी भी हैं। वहीं, 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी लोग शीतला माता मंदिर के पास दर्शन के लिए लाइन में खड़े हुए थे। तभी तेज रफ्तार ट्रक लोगों पर चढ़ गया।

घटना देर रात करीब 1:30 बजे चीनौर रोड पर ढलान के पास हुई। पुलिस ने बताया कि धान से लदा एक ट्रक चीनौर की ओर से आ रहा था और अचानक बैरिकेड तोड़कर अनियंत्रित होता हुआ सड़क पर आ गया। इसके बाद ट्रक श्रद्धालुओं को कुचलते हुए मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि मंदिर की दीवार ढह गई और मलबे में 40 से 50 लोग दब गए।

एक श्रद्धालु बबलू ने कहा, जब प्रशासन मोटरसाइकिल तक दुकान के पास नहीं आने देता, तो ये ट्रक यहां तक कैसे आ गया। ऊपर भी पुलिस तैनात थी और नीचे भी। पुलिस ने ट्रक यहां तक आने क्यों दिया। मेले के दौरान कोई गाड़ी नहीं निकलती थी। मेला खत्म होने के बाद ही गाड़ियों को जाने दिया जाता था। यह बहुत बड़ी लापरवाही है। एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि ट्रक ओवरलोड था।

स्थानीय निवासी सौरभ परिहार ने कहा, ट्रक ढलान पर फिसलता हुआ आया। ड्राइवर काबू नहीं कर पाया और ट्रक भीड़ में घुस गया। ट्रक को हटाने में भी करीब 2 से 3 घंटे लग गए। मौके पर मौजूद लोगों ने दबे हुए लोगों को निकालने की कोशिश की। लोगों ने ट्रक का टायर निकाला और जैक लगाकर हटाने में मदद की। दीवार गिरने से 50 से 60 लोग दब गए थे।

 

एसपी धर्मवीर यादव ने कहा, ट्रक पुलिस के स्टॉपर तोड़ते हुए मंदिर की दीवार से टकरा गया। इस दौरान मंदिर में प्रवेश कर रहे श्रद्धालु चपेट में आ गए। हादसे में ड्यूटी पर तैनात 2 पुलिसकर्मी और होमगार्ड जवान भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। ट्रक के बेकाबू होने की वजह और हादसे के अन्य संभावित कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button