
छत्तीसगढ़ में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाने की तैयारी की है। पुलिस मुख्यालय (PHQ) स्तर पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की एक अलग और विशेष विंग बनाई जाएगी। सीआईडी और साइबर सेल की तर्ज पर गठित होने वाले इस स्वतंत्र सेटअप का नेतृत्व डीजी या एडीजी रैंक के वरिष्ठ अधिकारी करेंगे।
इस विशेष टास्क फोर्स का मुख्य उद्देश्य नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री और नशे के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई करना है। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2029 तक छत्तीसगढ़ से नशे के अवैध नेटवर्क को जड़ से खत्म करना है। नई विंग के गठन से नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज होने और तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने में मदद मिलने की उम्मीद है।


