छत्तीसगढ़राज्य

बांग्लादेश से होने वाली सोने की तस्करी पर कार्रवाई, 7.8 किलोग्राम से अधिक विदेशी मूल का सोना जब्त, छः लोग गिरफ्तार

दिल्ली। राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने बांग्लादेश से सीमा पार सोने की तस्करी पर अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। 8-9 अक्टूबर 2026 को पूर्वी क्षेत्र में खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियानों में लगभग 7.8 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना जब्त किया गया, जिसकी कीमत 11.50 करोड़ रुपये से अधिक है। इन अभियानों में सीमावर्ती क्षेत्रों से कोलकाता की ओर तस्करी किए गए सोने के परिवहन के लिए सड़क और रेल नेटवर्क के इस्तेमाल का खुलासा हुआ, जिसके चलते छः लोगों को गिरफ्तार किया गया।

डीआरआई कोलकाता के चलाए गए अभियान में जब्त किया गया सोना
डीआरआई अधिकारियों ने डंकुनी टोल प्लाजा पर एक चार पहिया वाहन को रोका। वाहन में चार लोग सवार थे और वे बांग्लादेश सीमा के पास स्थित बानपुर से कोलकाता की ओर जा रहे थे। वाहन और उसमें सवार लोगों की तलाशी लेने पर लगभग 6.8 किलोग्राम वजन की 50 सोने की छड़ें बरामद हुईं, जिनकी कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये है। कुछ सोने की छड़ों पर विदेशी निशान थे। वाहन में सवार लोग सोने पर वैध कब्जे को साबित करने वाले कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके और अपने बयानों में उन्होंने बांग्लादेश के रास्ते भारत में विदेशी मूल का सोना तस्करी करने में अपनी लिप्त होने की बात स्वीकार की। महत्वपूर्ण बात यह है कि बनपुर सीमा क्षेत्र में सक्रिय गिरोह का सरगना गिरफ्तार किए गए चार लोगों में शामिल था।

उसी दिन, पश्चिम बंगाल राज्य में डीआरआई टीम ने मालदा टाउन रेलवे स्टेशन और न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों से उतर रहे यात्रियों को रोका और उनके पास से लगभग 1 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना जब्त किया, जिसकी कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये है। वैध तरीके से सोने की खरीद को साबित करने वाले दस्तावेज पेश न कर पाने पर दो यात्रियों को गिरफ्तार किया गया। जांच से पता चला कि जब्त किया गया सोना, जो चूड़ियों और सोने की छड़ों के रूप में था, त्रिपुरा में भारत-बांग्लादेश सीमा के पार तस्करी करके लाए गए सोने से बनाया गया था।

इन अभियानों से बांग्लादेश से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ-साथ पूर्वोत्तर को कोलकाता जैसे प्रमुख बाजारों से जोड़ने वाले सड़क और रेल मार्गों का इस्तेमाल तस्करी किए गए सोने की आवाजाही के लिए जारी रहने का स्पष्ट संकेत मिलता है। डीआरआई खुफिया जानकारी पर आधारित प्रवर्तन और समन्वित कार्रवाई के माध्यम से संगठित तस्करी नेटवर्क का खात्मा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button