
रायपुर। रायपुर जिले में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी कौशल से जोड़ने तथा उन्हें रोजगार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से 140 घंटे के साइबर और एआई वर्कफोर्स प्रोग्राम के क्रियान्वयन के संबंध में आज कलेक्टर कार्यालय में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एनआईआईटी फाउंडेशन द्वारा रायपुर जिले के पात्र अंतिम वर्ष के लगभग 5,000 विद्यार्थियों के लिए प्रस्तावित प्रशिक्षण कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को साइबर सिक्योरिटी, नेटवर्किंग एवं डिजिटल फॉरेसिक्स एवं इंसीडेंट रिस्पांस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग तथा करियर रीडीनेस जैसे रोजगारोन्मुख विषयों में प्रशिक्षण एवं प्रमाणन प्रदान किया जाना प्रस्तावित है।
बैठक में प्रशिक्षण के लिए जिले के उपयुक्त तकनीकी एवं शैक्षणिक संस्थानों की पहचान, पात्र विद्यार्थियों के चयन एवं मोबिलाइजेशन तथा कार्यक्रम के सुचारू संचालन हेतु आवश्यक प्रशासनिक सहयोग के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य रायपुर जिले में कुशल, रोजगारोन्मुख एवं भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं का एक मजबूत पूल तैयार करना है।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा एवं AI जैसी उभरती तकनीकों में दक्ष बनाने के लिए ऐसे रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण कार्यक्रमों को महत्वपूर्ण बताया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समन्वय एवं कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर डॉ गौरव सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कुमार बिश्वरंजन एवं सहायक आयुक्त आदिवासी विकास शरत चंद शुक्ला सहित संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्य/अधिकारी उपस्थित रहे।


