छत्तीसगढ़राज्य

धौड़ाई में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 3 आरोपियों के कब्जे से तेंदुए की खाल जब्त

वन्यजीव संरक्षण और वन्यजीव तस्करी पर रोक लगाने के लिए वन विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में नारायणपुर जिले के धौड़ाई परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक तेंदुए की खाल और दो मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं।

वनमंडलाधिकारी के निर्देशन में धौड़ाई परिक्षेत्र के वन अधिकारियों और कर्मचारियों ने 8 अगस्त 2026 को गश्त के दौरान गायतापारा सड़क किनारे तीन व्यक्तियों को दो मोटरसाइकिलों से तेंदुए की खाल ले जाते हुए पकड़ा। वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन क्रमांक CG-21/J-4096 और CG-21/J-0920 सहित तेंदुए की खाल जब्त कर ली। जब्त की गई तेंदुए की खाल की लंबाई 184 सेंटीमीटर, सामने के दोनों पैरों के बीच की लंबाई 125 सेंटीमीटर, पीछे के दोनों पैरों के बीच की लंबाई 118 सेंटीमीटर तथा पेट की चौड़ाई 55 सेंटीमीटर पाई गई।

गिरफ्तार आरोपियों में सोनूराम कचलाम (39 वर्ष), निवासी ग्राम रोहताड़, छोटेडोंगर, पुनीत कुमार बघेल (32 वर्ष), निवासी ग्राम छोटेडोंगर (डुरकाडोंगरी) और जमधर पोटाई (50 वर्ष), निवासी ग्राम तारागांव, धौड़ाई शामिल हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, नारायणपुर के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस अपराध में 7 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button