छत्तीसगढ़राज्य

रायपुर स्टेशन पर रेलवे कर्मचारियों की तत्परता से यात्री को मिला समय पर उपचार

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में रेलवे कर्मचारियों की सजगता, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण सामने आया, जब गंभीर रूप से अस्वस्थ एक यात्री को समय पर सहायता प्रदान कर चिकित्सकीय उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

दिनांक 07 अगस्त 2026 को ट्रेन संख्या 18238 से रानी कमलापति से रायपुर की यात्रा कर रहे श्री यशवंत सिंह (56 वर्ष), एच-1 कोच में यात्रा कर रहे थे। ट्रेन के रायपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 5-6 पर पहुंचने के बाद यात्री ट्रेन से उतरे, लेकिन उनकी तबीयत अचानक अत्यधिक खराब हो गई और वे स्वयं खड़े होने की स्थिति में नहीं थे।

ड्यूटी पर तैनात सीटीआई/रायपुर स्क्वाड की नजर यात्री पर पड़ी। उन्होंने तत्काल यात्री की स्थिति को समझते हुए उन्हें सहारा दिया, सुरक्षित रूप से लिटाया तथा बिना विलंब कमर्शियल कंट्रोल को सूचना देकर आवश्यक सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित की।

सूचना मिलते ही डिप्टी एसएस/कमर्शियल/रायपुर तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति की कमान संभाली। उन्होंने रेलवे चिकित्सक से संपर्क कर यात्री के लिए तत्काल चिकित्सकीय सहायता की व्यवस्था की तथा एंबुलेंस भी उपलब्ध कराई। साथ ही, यात्री के परिजनों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी देकर रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सहायता से अवगत कराया।

इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात सीसीटीसी/स्टेशन स्टाफ भी बैटरी कार के साथ मौके पर पहुंचे। सभी कर्मचारियों ने आपसी समन्वय से यात्री को अत्यंत सावधानीपूर्वक सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। रेलवे चिकित्सक ने यात्री की जांच कर आवश्यक दवाएं एवं प्राथमिक उपचार प्रदान किया।

इसके पश्चात यात्री को रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई गई एंबुलेंस के माध्यम से उनके परिजनों के साथ अंबेडकर अस्पताल भेजा गया, जहां उन्हें आगे के उपचार के लिए भर्ती कराया गया। यात्री के सामान को भी रेलवे कर्मचारियों ने सुरक्षित रखा और बाद में उनके परिजनों को सौंप दिया।

समय पर की गई इस त्वरित कार्रवाई और मानवीय सहयोग के लिए यात्री श्री यशवंत सिंह ने रेलवे एवं उसके कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि रेलवे कर्मचारियों की समय पर मिली सहायता ने उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस पूरे घटनाक्रम में मकसूद अली, सीटीआई/रायपुर, राजा सरकार, डिप्टी एसएस/कमर्शियल/रायपुर, अजीत कुमार, सीसीटीसी तथा राहुल दामले, सीसीटीसी, सहित रेलवे चिकित्सा दल द्वारा दिखाई गई सजगता, त्वरित निर्णय क्षमता, कर्तव्यनिष्ठा और आपसी समन्वय अत्यंत सराहनीय रहा।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे अपने यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सेवा के प्रति सदैव प्रतिबद्ध है। इस घटना में रेलवे कर्मचारियों की संवेदनशील एवं तत्पर कार्यप्रणाली इसी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button