छत्तीसगढ़राज्य

सरोना रेलवे स्टेशनः आधुनिक रेल अवसंरचना के साथ क्षेत्रीय विकास की नई पहचान

छत्तीसगढ़ के सरोना रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत व्यापक आधुनिकीकरण किया गया है। सरोना रेलवे स्टेशन का लगभग 14 करोड़ रूपए की लागत से स्टेशन का पुनर्विकास कर इसे आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं यात्री-केंद्रित स्वरूप प्रदान किया गया है, जिससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं आरामदायक यात्रा अनुभव सुनिश्चित हो सके।
इस पुनर्विकास के अंतर्गत स्टेशन परिसर का समग्र उन्नयन करते हुए यात्री सुविधाओं को आधुनिक मानकों के अनुरूप सुदृढ़ किया गया है। इसमें बेहतर सुगम्यता उन्नत एवं स्वच्छ प्रतीक्षालय, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा सुव्यवस्थित स्टेशन परिसर जैसी सुविधाओं का विकास शामिल है। इन सुधारों से न केवल यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, बल्कि स्टेशन की कार्यक्षमता एवं सौंदर्य में भी सुधार हुआ है, जिससे क्षेत्रीय रेल संपर्क और अधिक प्रभावी एवं विश्वसनीय बन रहा है।

सरोना रेलवे स्टेशन छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के निकट स्थित एक महत्वपूर्ण स्टेशन है। यह स्टेशन रायपुर शहर, औद्योगिक क्षेत्रों तथा आसपास के तेजी से विकसित हो रहे आवासीय क्षेत्रों के यात्रियों के लिए सुविधाजनक रेल संपर्क उपलब्ध कराता है। साथ ही, रायपुर आने वाले पर्यटकों एवं व्यापारिक यात्रियों के लिए भी यह स्टेशन एक महत्वपूर्ण प्रवेश बिंदु है। स्टेशन के आधुनिकीकरण से क्षेत्रीय आवागमन, व्यापारिक गतिविधियों तथा रोजगार के अवसरों को नई गति मिलेगी।

सरोना रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों के अंतर्गत 95 वर्गमीटर का नया कॉनकोर्स भवन, लगभग 2000 वर्गमीटर का विकसित सर्कुलेटिंग एरिया, नया फुट ओवर ब्रिज (FOB), सात प्लेटफॉर्म शेल्टर, 2,800 वर्गमीटर प्लेटफॉर्म सरफेसिंग का उन्नयन, 2 लिफ्ट, आधुनिक प्रतीक्षालय, उन्नत शौचालय, द्वितीय प्रवेश द्वार, समुचित और पर्याप्त पार्किंग स्थान, एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली, सीसीटीवी कैमरे तथा आकर्षक कला एवं सांस्कृतिक सज्जा विकसित की गई है। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत सरोना रेलवे स्टेशन का यह कायाकल्प न केवल यात्रियों को आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सुविधाएँ उपलब्ध कराएगा, बल्कि रायपुर महानगर एवं आसपास के क्षेत्रों के आर्थिक, सामाजिक एवं औद्योगिक विकास को भी नई गति प्रदान करेगा। यह पुनर्विकास कार्य भारतीय रेल की यात्री-केंद्रित, सुरक्षित एवं सतत् विकास की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button