छत्तीसगढ़राज्य

छत्तीसगढ़ में मेहरबान मानसून, लगातार तीन दिन से बारिश, जानें कहां कितनी हुई बारिश

रायपुर. छत्तीसगढ़ पर बीते 2-3 दिनों से मानसून मेहरबान है. बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के असर से जमकर बादल बसर रहे हैं. राजधानी रायपुर समेत इलाकों में बारिश की झड़ी लगी गई है. आसमान से लगातार पानी गिरने के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है. अब बिना रेन कोट और छाते  के घर से लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. अगले 48 घंटों में मध्य इलाकों में बारिश की संभावना है.

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों पर बने अवदाब के असर से अगले 48 घंटों में मध्य छत्तीसगढ़ में अधिकांश जगहों में वर्षा होने की संभावना है. इस दौरान कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी और कुछ अलग-अलग जगहों पर सीमांत भारी वर्षा होने की संभावना है. 8 जुलाई से पूरे प्रदेश में वर्षा की तीव्रता में कमी आने की संभावना है.

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई तथा एक दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हुई. राजिम में 19 सेंटीमीटर, दुर्ग में 18, छुरा में 16, रायपुर शहर में 15, राजनांदगांव में 15, पाटन में 15, गोबरा नवापारा और माना में 14-14 सेंटीमीटर वर्षा हुई. अर्जुन्दा में 13, लाभांडी में 12, गुंडरदेही में 12, भिलाई में 11, कोमाखान में 10, मंदिर हसौद, डभरा, महासमुंद, बागबाहरा, अहिवारा में 8-8 सेंटीमीटर वर्षा हुई. धमतरी, हसौद, धरसीवा, भटगांव, अभनपुर, डोंगरगढ़, गुरूर, मैनपुर, मालखरौदा, गरियाबंद, कुरूद में 7-7 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button