टेक - ऑटोतकनीकी

बारिश से पहले गार्डन का रखें खास ख्याल, अपनाएं ये 6 जरूरी टिप्स

गर्मियों की झुलसा देने वाली गर्मी के बाद मानसून की पहली बारिश हर किसी को राहत देती है. बारिश का मौसम सिर्फ इंसानों के लिए ही नहीं, बल्कि पेड़-पौधों के लिए भी बेहद खास माना जाता है। इस दौरान पौधों की ग्रोथ तेजी से होती है और वे ज्यादा हरे-भरे नजर आते हैं. हालांकि, कई लोग यह मान लेते हैं कि बारिश का पानी ही पौधों की पूरी जरूरत पूरी कर देगा, जबकि सच यह है कि बरसात के मौसम में पौधों को कुछ खास देखभाल की आवश्यकता होती है। अगर समय रहते तैयारी न की जाए तो गमलों में पानी भरना, जड़ों का सड़ना, फंगस लगना और कीटों का हमला जैसी समस्याएं पौधों को नुकसान पहुंचा सकती हैं। इसलिए मानसून शुरू होने से पहले कुछ जरूरी कदम उठाकर आप अपने गार्डन को पूरे सीजन स्वस्थ और खूबसूरत बनाए रख सकते हैं. आइए जानते हैं कैसे।

गमलों की ड्रेनेज व्यवस्था जांचें
बरसात में सबसे बड़ी समस्या गमलों में पानी जमा होने की होती है. अधिक समय तक पानी भरा रहने से जड़ें सड़ने लगती हैं और पौधे कमजोर हो जाते हैं. इसलिए मानसून से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि गमलों के नीचे बने ड्रेनेज होल खुले हों और अतिरिक्त पानी आसानी से बाहर निकल सके।

सूखी और खराब पत्तियों की करें सफाई
बारिश शुरू होने से पहले पौधों की छंटाई करना बेहद जरूरी है। सूखी, पीली और रोगग्रस्त पत्तियों को हटाने से पौधों को नई ग्रोथ के लिए जगह मिलती है। साथ ही फंगस और संक्रमण फैलने का खतरा भी कम हो जाता है।

मिट्टी को बनाएं पोषक तत्वों से भरपूर
मानसून पौधों की तेज बढ़वार का समय होता है। ऐसे में मिट्टी में जैविक खाद, वर्मीकम्पोस्ट या गोबर की खाद मिलाने से पौधों को जरूरी पोषण मिलता है. इससे पौधे मजबूत बनते हैं और बारिश के मौसम में तेजी से विकसित होते हैं।

फंगस और कीटों से बचाव करें
नमी बढ़ने के कारण बरसात में फंगस और कीट तेजी से पनपते हैं. पौधों की पत्तियों और तनों का समय-समय पर निरीक्षण करें। जरूरत पड़ने पर नीम के तेल का स्प्रे या प्राकृतिक कीटनाशकों का उपयोग करें। इससे पौधे सुरक्षित रहेंगे और उनकी सेहत बनी रहेगी।

खरपतवार हटाना न भूलें
बारिश के मौसम में खरपतवार बहुत तेजी से बढ़ते हैं. ये पौधों के पोषक तत्व और पानी को अपने लिए इस्तेमाल कर लेते हैं, जिससे मुख्य पौधों की ग्रोथ प्रभावित होती है। मानसून शुरू होने से पहले और उसके दौरान नियमित रूप से खरपतवार निकालते रहें।

पौधों को सही जगह पर रखें
कुछ पौधे ज्यादा बारिश और तेज हवाओं को सहन नहीं कर पाते। ऐसे पौधों को किसी शेड या सुरक्षित स्थान पर रखना बेहतर होता है। वहीं, जिन पौधों को अच्छी धूप और बारिश की जरूरत होती है, उन्हें खुली जगह पर रखा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button