Google Analytics
छत्तीसगढ़राज्य

होटल मेजबान पर निगम की कार्रवाई, गंदगी मिलने पर 50 हजार का जुर्माना, स्वच्छता सुधारने के दिए सख्त निर्देश

रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के नेतृत्व में शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए औचक निरीक्षण अभियान तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में आज नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही और जोन 4 कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी ने जोन 4 क्षेत्र के शास्त्री बाजार के समीप स्थित होटल मेजबान का औचक निरीक्षण किया।

नगर निगम को स्वच्छता संबंधी जनशिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जोन 4 टीम ने तत्काल कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता श्री शेखर सिंह, सहायक अभियंता दीपक देवांगन एवं जोन स्वास्थ्य अधिकारी वीरेन्द्र चंद्राकर भी उपस्थित थे।

निरीक्षण में जनशिकायत सही पाई गई। होटल परिसर में गंदगी मिली। स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर होटल मेजबान के संचालक को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए। साथ ही निगम की टीम ने तत्काल 50 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। स्वच्छता में लापरवाही बरतने वाले होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से भी अपील है कि वे स्वच्छता संबंधी शिकायतें 1100 टोल फ्री नंबर पर दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button