
राज्य सरकार के निर्देशानुसार अवैध भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 प्रकरणों में कुल 157 लीटर पेट्रोल और डीजल जब्त किया है।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अनमोल विवेक टोप्पो के नेतृत्व में तहसीलदार शंकरगढ़ तथा खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने जांच अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान 52 लीटर पेट्रोल एवं 105 लीटर डीजल के अवैध भंडारण और परिवहन के मामले सामने आए, जिनमें जब्ती की कार्रवाई की गई। संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा तथा आवश्यक वस्तुओं के नियमबद्ध वितरण को सुनिश्चित करने के लिए जिले में नियमित जांच अभियान जारी रहेगा। अवैध ईंधन भंडारण, परिवहन और अन्य अनियमितताओं के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध ईंधन कारोबार या भंडारण की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


