
रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा की भीषण और झुलसाने वाली गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी रायपुर, राजनांदगांव और बिलासपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं, बादलों की आवाजाही और बारिश के चलते लोगों को तीखी धूप से बड़ी राहत मिली है। पिछले कुछ दिनों से जो तापमान लगातार 43 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ था, उसमें अब गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने की प्रबल संभावना बनी हुई है।
द्रोणिका और नमी के कारण बदला मिजाज
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, इस समय मध्य पाकिस्तान से लेकर अंदरूनी उड़ीसा तक एक प्रभावी द्रोणिका (ट्रफ लाइन) सक्रिय है। यह सिस्टम राजस्थान, मध्यप्रदेश और उत्तर छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रहा है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) भी बना हुआ है। इन दोनों सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में लगातार प्रचुर मात्रा में नमी आ रही है, जो बारिश और आंधी का कारण बन रही है।
शनिवार का तापमान: दुर्ग सबसे गर्म, पेंड्रा रोड में सबसे कम
बीते शनिवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश रिकॉर्ड की गई। आंकड़ों की बात करें तो शनिवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान दुर्ग जिले में 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान गिरकर 24.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जिससे वहां रात में अच्छी ठंडक महसूस की गई।


