अमित शाह आएंगे छत्तीसगढ़, डायल-112 की गाड़ियों को दिखायेंगे हरी झंडी

गृह मंत्री अमित शाह 18-19 मई को छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे रायपुर और बस्तर संभाग में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। दौरे का मुख्य फोकस सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, जनसुविधाओं के विस्तार और बस्तर क्षेत्र के विकास कार्यों पर रहेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह 18 मई की रात करीब 8:15 बजे रायपुर पहुंचेंगे और यहां मेफेयर लेक रिसोर्ट में रात्रि विश्राम करेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
अगले दिन सुबह 10:30 बजे वे पीटीएस माना परिसर में डायल-112 सेवा के लिए 400 नई वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। अब तक यह सेवा प्रदेश के 16 जिलों में संचालित थी, लेकिन नई व्यवस्था के तहत इसे पूरे छत्तीसगढ़ में लागू किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के मुताबिक इससे प्रदेश के सभी थानों तक त्वरित पुलिस सहायता पहुंच सकेगी।


