
दुर्ग में खाद्य सुरक्षा से जुड़ा बड़ा मामला सामने आया है, जहां बॉयज हॉस्टल की आड़ में अवैध रूप से पनीर का भंडारण और सप्लाई किए जाने का खुलासा हुआ है। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में पनीर जब्त किया गया है।
जानकारी के मुताबिक दुर्ग शहर से लगे क्षेत्र में एक भवन में अवैध रूप से पनीर स्टोरेज और सप्लाई का काम संचालित किया जा रहा था। भवन को बाहर से बॉयज हॉस्टल के रूप में दर्शाया गया था, लेकिन अंदर बड़े पैमाने पर पनीर का भंडारण किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि कारोबार बिना किसी वैध लाइसेंस और खाद्य विभाग की अनुमति के संचालित हो रहा था। मामले की जानकारी मिलने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने दबिश दी। हालांकि अधिकारियों के पहुंचने से पहले अधिकांश माल हटाया जा चुका था, फिर भी कंटेनर में रखे करीब 140 किलो पनीर को जब्त किया गया। जब्त पनीर की कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई जा रही है। विभाग ने सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है।


