
धमतरी. छत्तीसगढ़ में पंचायत विकास सूचकांक (PDI) के अंतर्गत धमतरी जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। विशेष रूप से कुरूद विकासखंड की मंदरौद ग्राम पंचायत ने गरीबी मुक्त एवं आजीविका संवर्धन (Theme-1) में 94.4 अंक अर्जित कर प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि ग्राम स्तर पर प्रभावी योजना क्रियान्वयन, जनभागीदारी और सतत विकास प्रयासों का परिणाम है।
जिले की अन्य ग्राम पंचायतों ने भी विभिन्न थीम जैसे स्वस्थ पंचायत, जल संपन्न पंचायत, स्वच्छ एवं हरित पंचायत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए A+ एवं A ग्रेड प्राप्त किया है। यह दर्शाता है कि धमतरी जिले में ग्रामीण विकास की दिशा में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है तथा शासन की प्राथमिकताओं को जमीनी स्तर पर सफलतापूर्वक लागू किया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री श्री विजय शर्मा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ग्राम पंचायतों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि मंदरौद ग्राम पंचायत की यह सफलता पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत है और अन्य पंचायतों को भी नवाचार एवं बेहतर कार्यप्रणाली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
कुरूद विधायक श्री अजय चंद्राकर ने ग्राम पंचायत मंदरौद सहित जिले की सभी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पंचायतों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत अमले और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि धमतरी जिला लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है, जो पूरे प्रदेश के लिए उदाहरण है।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने भी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन ही इस सफलता का आधार है। आगे भी जिले में सतत विकास, आजीविका संवर्धन और जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए प्रयास जारी रहेंगे।


