Google Analytics
छत्तीसगढ़राज्य

50 लाख लेकर फरार ड्राइवर समेत 7 आरोपी गिरफ्तार, नकदी-लग्जरी कारें बरामद

रायपुर। राजधानी में करीब 50 लाख रुपये के गबन मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी ड्राइवर समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 49.50 लाख रुपये नकद, एक एमजी विंडसर कार और घटना में इस्तेमाल की गई वर्ना कार जब्त की गई है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 66.50 लाख रुपये बताई जा रही है।

मामला थाना खम्हारडीह क्षेत्र का है, जहां 25 अप्रैल को कंपनी के ड्राइवर कृष्णा साहू ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के मुताबिक, वह कंपनी के एकाउंटेंट के साथ कार में करीब 50 लाख रुपये लेकर जा रहा था। रास्ते में उसने गुटखा लेने के बहाने एकाउंटेंट को कार से उतारा और फिर नकदी से भरी कार लेकर फरार हो गया।

पहले से बनाई थी साजिश
जांच में सामने आया है कि आरोपी कृष्णा साहू ने अपने रिश्तेदारों और साथियों के साथ मिलकर पहले से पूरी योजना बनाई थी। वारदात के बाद उसने रकम अपने करीबियों में बांट दी और फरार हो गया।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिली सफलता
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट के साथ संयुक्त टीम बनाई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रैक की गई। लगातार दबिश के बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जिसकी निशानदेही पर अन्य 6 आरोपियों को भी पकड़ लिया गया।

एक महिला समेत 7 आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में 1 महिला और 6 पुरुष शामिल हैं। सभी के खिलाफ थाना खम्हारडीह में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस की सख्ती से खुला राज
पूछताछ में आरोपियों ने गबन की पूरी साजिश कबूल कर ली है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में और भी तथ्य सामने आ सकते हैं।

रायपुर पुलिस ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताते हुए कहा है कि शहर में इस तरह के आर्थिक अपराधों पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button