Google Analytics
छत्तीसगढ़राज्य

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की संवेदनशीलता का असर: दो दिन में कैंसर पीड़ित व्याख्याता को 2 लाख की राहत

लापरवाही पर त्वरित कार्रवाई : बाबू निलंबित, प्राचार्य को शोकॉज नोटिस जारी

रायपुर। कैंसर से जूझ रही एक महिला व्याख्याता द्वारा सुनवाई न होने की शिकायत पर त्वरित कार्यवाही करते हुए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सिर्फ दो दिनों के भीतर लगभग 2 लाख रुपये की चिकित्सा प्रतिपूर्ति राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आर्थिक तंगी और इलाज में आ रही बाधाओं को लेकर व्याख्याता ने हाल ही में कलेक्टर से मुलाकात कर सहायता की गुहार लगाई थी, जिस पर कलेक्टर ने तुरंत संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही मामले में लापरवाही बरतने पर ग्रेड 3 बाबू का निलंबन आदेश जारी करते हुए प्रधानाचार्य को कारण-बताओ नोटिस भी जारी किया।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने मामले को प्राथमिकता में रखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि पीड़िता को बिना विलंब चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए। कलेक्टर के निर्देशों के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्परता दिखाते हुए संचालनालय लोक शिक्षण को मांग पत्र भेजा और महज दो दिनों में राशि आबंटित करवा दी। यह राशि संबंधित डीडीओ को भुगतान के लिए जारी कर दी गई है।

लापरवाही पर कलेक्टर की सख्ती

मामले की जांच में सामने आया कि पीड़िता ने अपने विद्यालय में चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लिए आवेदन दिया था, लेकिन संबंधित सहायक ग्रेड-03 (बाबू) द्वारा आवेदन उच्च कार्यालय में प्रस्तुत नहीं किया गया। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई। संबंधित बाबू को निलंबित कर विकासखंड शिक्षा अधिकारी, धरसींवा कार्यालय में अटैच कर दिया गया है। वहीं, विद्यालय के प्राचार्य को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button