
कोलकाता । पश्चिम बंगाल में पहले चरण की वोटिंग के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया है कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने जा रही है। कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमित शाह ने कहा कि 152 सीटों में से भाजपा 110 से अधिक सीटें जीतेगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि भाजपा की बंगाल टीम ने अपना आकलन किया है। इसके आधार पर वे कह सकते हैं कि 152 सीटों में से भाजपा के 110 से अधिक सीटें जीतने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि दूसरे चरण को भी ध्यान में रखते हुए भाजपा बंगाल में सरकार बनाने जा रही है। बंगाल में रिकॉर्ड मतदान को लेकर अमित शाह ने कहा कि गुरुवार को बंगाल विधानसभा 2026 के चुनाव के प्रथम चरण में मतदान के सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए बंगाल की जनता ने अभूतपूर्व उत्साह और जोश के साथ बंगाल में परिवर्तन के लिए वोट डाला है। उन्होंने कहा, “मतदान का जो प्रतिशत सामने आया है, वो पूरे देश के लोकतंत्र में भरोसा करने वाले लोगों का उत्साह बढ़ाने वाला है। मैं प्रथम चरण में वोट डालने वाले बंगाल के सभी मतदाताओं का अभिनंदन और धन्यवाद करना चाहता हूं कि आपने भय से भरोसे की यात्रा को बहुत अच्छे से शुरू किया है और दूसरे चरण के मतदाता भी भय से भरोसे की यात्रा को आगे बढ़ाएंगे।
अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “जिस राज्य में मुख्यमंत्री यह कहती हैं कि महिलाओं को शाम 7 बजे के बाद बाहर निकलने की कोई जरूरत नहीं है, वहां उन्हें सत्ता में नहीं होना चाहिए। भाजपा की सरकार बनने के बाद, रात के 1 बजे भी एक युवा लड़की बेझिझक अपना स्कूटर चला पाएगी और किसी भी अपराधी की हिम्मत नहीं होगी कि वह उसे बुरी नजर से देखे।”


