
भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के तहत एक वैज्ञानिक संस्था, प्रगत संगणन विकास केन्द्र (सी-डैक), हैदराबाद तथा रिलायंस फाउंडेशन ने आज ‘e-SafeHER’ के शुभारंभ की घोषणा की। यह एक साइबर सुरक्षा जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण भारत की दस लाख महिलाओं को डिजिटल इकोसिस्टम में सुरक्षित और आत्मविश्वास के साथ भाग लेने में सक्षम बनाना है।
द यह पहल इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के सूचना सुरक्षा शिक्षा एवं जागरूकता (आईएसईए) कार्यक्रम के अंतर्गत प्रगत संगणन विकास केन्द्र (सी-डैक), हैदराबाद के माध्यम से संचालित है, जो सामग्री और प्रशिक्षण संसाधनों के प्रसार को सक्षम बनाता है। रिलायंस फाउंडेशन भारत भर के ग्रामीण समुदायों में, विशेष रूप से महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से, इसके प्रसार को बढ़ावा देगा। यह पहल महिलाओं के लिए डिजिटल समावेशन को सशक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। ‘e-SafeHER’ का उद्देश्य अंतिम छोर तक साइबर सुरक्षा जागरूकता को मजबूत करना है, खासकर ग्रामीण भारत की उन महिलाओं के बीच जो वित्तीय लेन-देन, आजीविका और आवश्यक सेवाओं तक पहुंच के लिए तेजी से डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग कर रही हैं। प्रगत संगणन विकास केन्द्र(सी-डैक), हैदराबाद और रिलायंस फाउंडेशन के बीच साइबर सुरक्षा जागरूकता पर यह रणनीतिक सहयोग व्यवस्थित प्रशिक्षण और समुदाय-आधारित पहल को शामिल करता है।
इस पहल के शुभारंभ पर बोलते हुए, एमईआईटीवाई के सचिव एस. कृष्णन ने कहा, “ऐसे समय में जब भारत सरकार देश के कोने-कोने तक ‘साइबर सुरक्षित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए क्षमता, सहयोग और लचीलापन बढ़ाने पर जोर दे रही है, ‘e-SafeHER’ एक शानदार अवसर है। इसके माध्यम से हम एमईआईटीवाई के सूचना सुरक्षा शिक्षा एवं जागरूकता (आईएसईए) कार्यक्रम के पाठ्यक्रम और ज्ञान को एक साथ लाएंगे। सी-डैक और रिलायंस फाउंडेशन के सहयोग से यह पहल दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को सुरक्षित, सशक्त और पहचान दिलाने में सक्षम बनाएगी। हमें एक ऐसे मॉडल की उम्मीद है जिसे देशभर में समान सोच वाले साझेदारों के साथ दोहराया और बड़े पैमाने पर लागू किया जा सके।”
एक संदेश साझा करते हुए, रिलायंस फाउंडेशन की डायरेक्टर, सुश्री ईशा अंबानी ने कहा कि भारत की ग्रामीण महिलाएं पहले से कहीं अधिक तेजी से ऑनलाइन आ रही हैं, और उन्होंने न सिर्फ महिलाओं को डिजिटल दुनिया से जोड़ने की गति बढ़ाने बल्कि उन्हें सुरक्षित रहने के लिए आवश्यक ज्ञान और कौशल से सुसज्जित करने की अपनी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “हमें भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय(एमईआईटीवाई) और सी-डैक के साथ साझेदारी करके ‘e-SafeHER’ के ज़रिए साइबर सुरक्षा जागरूकता प्रशिक्षण देने में खुशी हो रही है। इसका उद्देश्य महिलाओं को ऑनलाइन सुरक्षित रहने के लिए ज़रूरी कौशल और ज्ञान हासिल करने में सक्षम बनाना है, ताकि वे अपनी ज़िंदगी और आजीविका को मज़बूत बनाने के लिए डिजिटल की शक्ति का इस्तेमाल कर सकें। इस पहल के ज़रिए, हमारा लक्ष्य अगले तीन वर्षों में ग्रामीण भारत में दस लाख ‘साइबर सखियों’ को सशक्त बनाना है। हम उन्हें सुरक्षित ऑनलाइन आदतें अपनाने में मदद करेंगे, ताकि वे पूरे आत्मविश्वास के साथ डिजिटल दुनिया को अपना सकें।”
सी-डैक,आईएसईए परियोजना के अंतर्गत साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण सामग्री के विकास, स्थानीयकरण और निरंतर उन्नयन का नेतृत्व करेगा, जिसमें बहुभाषी अनुकूलन भी शामिल होगा। रिलायंस फाउंडेशन भारत के ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी जमीनी उपस्थिति और महिला सशक्तिकरण प्लेटफॉर्म्स का उपयोग करते हुए, सहकर्मी-नेतृत्व, समुदाय-आधारित मॉडल के माध्यम से इस पहल को लागू करेगा।


