
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। रविवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में हुई बारिश और बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
सुबह के समय कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज पूरे दिन आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और दोपहर से शाम के बीच फिर से बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 7 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान बिजली कड़कने, तेज हवाओं के साथ आंधी चलने और बारिश होने की आशंका जताई गई है। मौसम के इस बदलाव से फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन खराब मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


