छत्तीसगढ़राज्य

राशनकार्ड में सभी सदस्यों का eKYC कराना अनिवार्य, खाद्य विभाग की अपील

रायपुर। खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत सभी राशनकार्डधारी परिवारों के प्रत्येक सदस्य का आधार आधारित eKYC कराना अनिवार्य किया गया है। जिन परिवारों के कुछ सदस्यों का eKYC अब तक नहीं हुआ है, वे शीघ्र ही अपनी नजदीकी शासकीय उचित मूल्य (राशन) दुकान में जाकर eKYC करवा लें, ताकि भविष्य में राशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

खाद्य विभाग के अनुसार जिले में कुल 22,04,430 राशनकार्डधारी सदस्यों में से 18,67,768 सदस्यों का eKYC पूर्ण हो चुका है, जबकि अभी भी 3,36,662 सदस्यों का eKYC शेष है। विभाग द्वारा शेष सदस्यों से समय रहते eKYC कराने की अपील की गई है।

फिंगरप्रिंट नहीं आने पर घबराने की जरूरत नहीं
कई मामलों में नागरिकों के फिंगरप्रिंट मशीन में नहीं आ पाते हैं। ऐसे में घबराने की आवश्यकता नहीं है। शासन द्वारा फेस ऑथेंटिकेशन अथवा अन्य वैकल्पिक सत्यापन व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए संबंधित राशन दुकान से संपर्क किया जा सकता है।

राशन दुकानदारों को दिए गए निर्देश

सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानदारों को निर्देशित किया गया है कि जिन राशनकार्डधारी सदस्यों का eKYC शेष है, उनकी सूची अपने पास रखें तथा इसकी जानकारी संबंधित पार्षद, सरपंच एवं सचिव को उपलब्ध कराएं। साथ ही अपने क्षेत्र में लोगों को eKYC के लिए लगातार जागरूक करें।

आम नागरिकों से अपील
सभी राशनकार्डधारी परिवारों से अपील की गई है कि वे अपने परिवार के शेष सभी सदस्यों का eKYC समय पर अवश्य करवा लें। निर्धारित समय तक eKYC नहीं होने की स्थिति में संबंधित सदस्य का नाम अस्थायी रूप से राशनकार्ड से हटाया जा सकता है, जिससे राशन प्राप्त करने में समस्या हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button