छत्तीसगढ़राज्य

जीएसटी रिफॉर्म्स से आर्थिक क्षेत्र में हुए ऐतिहासिक बदलाव : मुख्यमंत्री साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर के मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित जीएसटी 2.0 रिफॉर्म्स “धन्यवाद मोदी जी” कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जीएसटी रिफॉर्म्स से आर्थिक क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव हुए हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है। जीएसटी दरों में कटौती से 140 करोड़ देशवासियों के जीवन में खुशी आई है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के पद्मश्री सम्मान प्राप्त विभूतियों और राष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का आयोजन रायपुर संभाग के छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा किया गया था।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जीएसटी रिफॉर्म्स का निर्णय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लिया गया ऐतिहासिक और साहसिक निर्णय है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में लगातार ऐसे फैसले लिए गए हैं जिनके बारे में यह कहा जाता था कि ये कभी नहीं हो सकते। इसी कड़ी में जीएसटी रिफॉर्म्स आमजन को आर्थिक मजबूती प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं स्वयं लोगों के बीच जाकर जीएसटी दरों में कटौती से मिले लाभ की जानकारी ले रहा हूँ। हाल ही में जब मैं दैनिक जरूरत का सामान खरीद रहे लोगों से मिलने एक मार्ट गया, तो वहां गृहणियों ने बताया कि इन सुधारों से हमारे किचन के बजट में कमी आई है। जब गृहणियां प्रत्येक वस्तु के कम हुए दाम बता रही थीं, तो उनके चेहरे पर प्रसन्नता झलक रही थी। इन सुधारों से किसानों को भी बड़ी राहत मिली है। मैं ट्रैक्टर शोरूम भी गया, जहां मुझे बताया गया कि ट्रैक्टर के दामों में 65 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक की कमी आई है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में प्रदेश के व्यापारियों का बड़ा योगदान होगा। छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति को निवेशकों द्वारा बहुत सराहा जा रहा है। हाल ही में मैंने जापान और कोरिया की यात्रा की, जहां इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित किए गए। एशिया महाद्वीप के कई निवेशकों ने छत्तीसगढ़ में निवेश में रुचि दिखाई है। प्रदेश में औद्योगिक निवेश से बड़े पैमाने पर रोजगार का सृजन होगा।

सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए जीएसटी सुधार न भूतो न भविष्यति हैं। यह कदम आम आदमी को ताकतवर बना रहा है। जहां एक ओर दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की कीमत कम होने से लोगों को लाभ मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर देश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत हो रही है। जीएसटी रिफॉर्म्स को लेकर जनता की ओर से अत्यंत सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button