Google Analytics
दिल्लीराज्य

मेघालय की अवैध कोयला खदान में विस्फोट, 16 मजदूरों की मौत

पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले में गुरुवार को एक संदिग्ध अवैध कोयला खदान में हुए विस्फोट में 16 मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतक सभी असम के रहने वाले थे। हादसा थांगस्कू इलाके में हुआ, जहां अवैध रूप से खनन गतिविधियां चलने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि खदान से अब तक 16 शव निकाले जा चुके हैं, जबकि कई मजदूर घायल हुए हैं। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है और गंभीर रूप से घायल लोगों को आगे के इलाज के लिए शिलांग रेफर किया जा रहा है। बचाव अभियान के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की मदद ली गई है और राहत कार्य जारी है।

प्रारंभिक जांच में यह घटना अवैध रूप से चल रहे कोयला खनन के दौरान हुए विस्फोट से जुड़ी बताई जा रही है। हालांकि, विस्फोट के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण ने 2014 में पर्यावरणीय नुकसान और सुरक्षा खतरों को देखते हुए मेघालय में रैट-होल कोयला खनन पर प्रतिबंध लगा दिया था। इस पद्धति में बेहद संकरी सुरंगों के जरिए कोयला निकाला जाता है, जो मजदूरों के लिए बेहद खतरनाक होती है। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने भी इस प्रतिबंध को बरकरार रखते हुए केवल वैज्ञानिक और नियंत्रित खनन की अनुमति दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button